श्रीनगर। पालिका विस्तारित क्षेत्र श्रीकोट गंगानाली में अन्य जगहों से मवेशी लाकर छोड़े जा रहे हैं। लोगों के विरोध के बाद गायों को श्रीनगर स्थित गोशाला में छोड़ दिया गया। पुलिस ने गायों को लाने वाले वाहन का मोटर वाहन अधिनियम में चालान कर दिया है।
शनिवार को श्रीकोट के तोल्यों तोक के नीचे बदरीनाथ हाईवे में एक छोटे मालवाहक वाहन से तीन गायों को उतारा जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य प्रकाश बुटोला, भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश कपरुवाण व भागवत पांडे मौके पर पहुंचे। चालक ने टिहरी जिले की भरपूर पट्टी के ग्राम प्रधानों की ओर से दिए गए पत्रों को दिखाया। जनप्रतिनिधियों ने रोष जताया कि वर्तमान में श्रीकोट की सड़कों में 100 से अधिक आवारा मवेशी घूम रहे हैं। बाहरी लोग यहां मवेशी छोड़कर गायब हो जाते हैं। श्रीकोट चौकी के पुलिस कांस्टेबल शूरवीर चौहान वाहन मेें लदी गायों को श्रीनगर स्थित गोतीर्थाश्रम ले गए। जहां शुल्क देकर गायों को छोड़ दिया गया। वहीं, पशुओं को वाहन में लादने पर वाहन का चालान कर दिया गया।