आदिबदरी। बारिश थमने के बाद आदिबदरी नाथ मंदिर समूह में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। यहां पिछले दो दिनों में रिकार्ड श्रद्धालु पहुंचे हैं। शुक्रवार और शनिवार को दक्षिण भारत के करीब 1100 श्रद्धालुओं ने आदिबदरीनाथ के दर्शन किए। लगातार श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने से मंदिर समिति और व्यापारी उत्साहित हैं।
शनिवार सुबह करीब चार बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। शनिवार को चेन्नई के 400 से अधिक तीर्थयात्रियों ने आदिबदरी नाथ के दर्शन किए। चेन्नई के इन तीर्थ यात्रियों ने प्रात: भगवान आदिबदरी नाथ जी के शृंगार दर्शन की पूजा में भाग लिया और भगवान को फल, वस्त्र और मेवा चढ़ाकर पूजा की। चेन्नई निवासी राजगोपालन, रामलिंगम, भुवनेश्वरी, त्रिपुरासुंदरी आदि ने कहा कि पंच केदार के दर्शन भी करना चाहते थे, लेकिन मौसम में बदलाव और ठंड बढ़ने के कारण वे आगे की यात्रा नहीं कर पा रहे हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष विजयेश नवानी का कहना है कि दिल्ली, मुंबई की ट्रेवल एजेंसियां यहां श्रद्धालु ले कर आ रही हैं। यदि गढ़वाल और कुमाऊं विकास निगम भी अपने टूर पैकेज में इसे शामिल करे तो और अधिक संख्या में यहां श्रद्धालु पहुंचेंगे। नवानी ने कहा कि शुक्रवार को यहां करीब 700 से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
14 मंदिरों का समूह है आकर्षण
आदिबदरीनाथ मंदिर परिसर में कुबेर, शिव, गणेश सहित 14 देवी देवताओं के मंदिर हैं। इस मंदिर समूह को देखने के लिए यहां देश विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। अब यहां श्रद्धालु अधिक संख्या में पहुंच रहे हैं। नरेंद्र चाकर का कहना है कि आदिबदरी नाथ मंदिर को धार्मिक तीर्थाटन के तौर पर विकसित किया जाना चाहिए।