गोपेश्वर। श्रीदेव सुमन विवि के गोपेश्वर कैंपस परिसर में स्थित अलकनंदा छात्रावास में पानी और शौचालयों की समस्या बनी हुई है। समस्या का समाधान न होने पर शनिवार को छात्रावास के 32 छात्र-छात्राओं ने खाली बर्तनों के साथ महाविद्यालय प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 के दिसंबर माह से छात्रावास का सुधारीकरण कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं हो पाया है। छात्रों को शौचालय और पेयजल की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को छात्र संघ अध्यक्ष अमित मिश्रा के नेेतृत्व में छात्रों ने कैंपस के गेट पर खाली बर्तनों के साथ महाविद्यालय प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्रावास में सुधारीकरण कार्य चल रहा है। ठेकेदार की लापरवाही से कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है, जिससे दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। छात्र संघ अध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा यदि शीघ्र छात्रावास का सुधारीकरण कार्य पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। महाविद्यालय के मीडिया कोऑर्डिनेटर डा. दर्शन सिंह नेगी ने बताया कि छात्रावास का निर्माण कर रहे ठेकेदार की ओर से काम अधूरा छोड़ने पर उसे नोटिस दिया गया है। साथ ही कार्यदायी संस्था के उच्च अधिकारियों को भी शीघ्र कार्य पूरा करने के लिए कहा गया है। फिलहाल छात्रों के लिए शौचालय और पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। प्रदर्शन करने वालों में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनूप नेगी, अभिषेक सिंह, मिथलेश, संदीप, कृष्णा, चंदन, मोहन सिंह, प्रकाश भंडारी, दिव्या नेगी और मनोज आदि मौजूद थे।