सिटी बस योजना के विरोध में तिपहिया यूनियन
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। शहर में सिटी बस का संचालन के विरोध में हरिद्वार से लेकर ऋषिकेश तक की थ्री व्हीलर यूनियनें उतर आई हैं। थ्री व्हीलर यूनियन ने एआरटीओ के माध्यम से डोईवाला, ऋषिकेश और हरिद्वार में सिटी बस नहीं चलाने के बाबत आरटीओ को ज्ञापन भेजा है।
विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी बृहस्पतिवार को हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। इस दौरान एआरटीओ डॉ. अनीता चमोला से मुलाकात की और ऋषिकेश क्षेत्र में आवश्यकता से अधिक करीब 1200 थ्री व्हीलर और ऑटो संचालित होने की जानकारी दी। इसके अलावा हरिद्वार केंद्र से करीब 3600 तिपहिया वाहन चलने की बात बताई और सिटी बसों के चलने से इन वाहन चालकों की रोजी छिनने की व्यथा सुनाई।
थ्री व्हीलर यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि शासन से डोईवाला, ऋषिकेश और हरिद्वार में सिटी बस चलाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। सिटी बस चलने से इस व्यवसाय से जुड़े करीब 2500 परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आ जाएगा। इसके अलावा पदाधिकारियों ने थ्री व्हीलर को चालक समेत सात सवारी की बजाय चालक समेत आठ सवारी में परिवर्तित करने की समस्या भी बताई। पदाधिकारियों का कहना है कि इससे थ्रीव्हीलर मालिकों को अत्यधिक टैक्स चुकाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पदाधिकारियों ने एआरटीओ के माध्यम से आरटीओ को ज्ञापन भेजकर सिटी बस नहीं चलाने और थ्रीव्हीलर के परमिट को पूर्व की भांति चालक समेत सात सवारी का रखने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में गढ़वाल विक्रम-टैंपो यूनियन के अध्यक्ष विनय सारस्वत, विक्रम मालिक एवं चालक एसोसिएशन मुनिकीरेती के अध्यक्ष सुनील कुमार, तपोवन यूनियन के अध्यक्ष त्रिलोक भंडारी, सोमनाथ अरोड़ा, सोहन गौनियाल, प्रताप यादव, आदेश, जगदीश, वीरेंद्र सजवाण, अमित पाल, आदेश राम कश्यप, पंकज वर्मा, पप्पू चौहान, विनोद आदि शामिल रहे।