श्रीनगर। गढ़वाल विवि के पर्यटन विभाग में परियोजना अधिकारी के पद पर तैनात डा. सर्वेश उनियाल को नेशनल टूरिज्म अवार्ड से सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की ओर से यह पुरस्कार उन्हें दिल्ली में आयोजित एक समारोह में दिया गया। पूर्व में डा. उनियाल के ब्लॉग को सर्वश्रेष्ठ ब्लॉग का पुरस्कार भी दिया गया था।
दिल्ली स्थिति विज्ञान भवन में बृहस्पतिवार को भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की ओर से एक समारोह में गढ़वाल विवि के डा. सर्वेश उनियाल को राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार 2016-17 से सम्मानित किया गया। डा. उनियाल ने बताया कि उन्हें यह पुरस्कार पर्यटन प्रोत्साहन एवं प्रसार श्रेणी के तहत हिंदी में उनकी ट्रेवल हैंड बुक ‘उत्तराखंड उत्पाद, उत्तराखंड उपहार’ के लेखन के लिए दिया गया है। इस पुस्तक का प्रकाशन विनसर ने किया है। डा. उनियाल ने बताया कि वह नंदा राजजात पर प्रकृति पथ-नंदा पथ तथा प्रकृति पथ-गंगा पथ जैसी ट्रेवल हैंड बुक भी लिख चुके हैं। वर्ष 2017 में उनियाल के ब्लॉग उत्तराखंड खास है को सर्वश्रेष्ठ ब्लॉग भी चयनित किया जा चुका है। इसके अलावा इनको स्वच्छ पर्यटन पर आधारित सैर सलीका डाक्यूमेंट्री के लिए पर्यटन मंत्रालय की ओर से सराहना प्रमाण पत्र भी मिल चुका है। उनियाल गढ़वाल विवि के चौरास परिसर स्थित पर्यटन विभाग में परियोजना अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उन्हें पुरस्कार मिलने पर विवि के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों व छात्रों ने खुशी जताई है।