गोपेश्वर। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) की स्थापना के लिए डीएम स्वाति एस भदौरिया ने 15 निवेशकों के साथ अनुबंध किए। पूर्व में नौ निवेशकों के साथ भी अनुबंध किया जा चुका है। निवेशकों ने जिले में होटल, ऊनी वस्त्र, कैरी बैग, फर्नीचर, स्टोन क्रशर, फ्लैक्स प्रिंटिंग से जुड़े उद्योगों पर निवेश के प्रस्ताव जिला प्रशासन को दिए हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम स्वाति एस भदौरिया ने निवेशकों और जिला उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि जिले में विभिन्न उद्योग स्थापित कर रहे निवेशकों को हर संभव सुविधाएं दी जाएंगी। अभी तक 1622.73 करोड़ के निवेश प्रस्ताव जिले को मिले हैं। इनमें से 24 निवेशकों के 63.89 करोड़ के प्रस्तावों पर अनुबंध कर लिया गया है। 1558.84 करोड़ निवेश के एक प्रस्ताव को एमओयू के लिए शासन को भेजा गया है। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक डा. एमएस सजवाण ने बताया कि शासन स्तर से जिले को एमएसएमई के तहत 25 करोड़ निवेश करने का लक्ष्य मिला है। सात और आठ अक्तूबर को राज्य स्तर पर देहरादून में निवेशक शिखर सम्मेलन भी आयोजित होगा।