कर्णप्रयाग। टैक्सी चालकों से वाहन फिटनेस सहित स्पीड गवर्नर के मामले में अधिक पैसे लिए जाने पर टैक्सी चालकों और टैक्सी संघ के पदाधिकारियों ने कालेश्वर में एआरटीओ कार्यालय का घेराव किया। टैक्सी चालकों ने एआरटीओ को ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को टैक्सी चालक फिटनेस सहित अन्य काम के लिए एआरटीओ कार्यालय गए थे, लेकिन इस दौरान फिटनेस सहित अन्य मामलों में तय शुल्क से अधिक पैसे लिए जा रहे थे। कर्णभूमि टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष डा. एमएम नवानी ने बताया कि फिटनेस का करीब 600 रुपये शुल्क है, जबकि कार्यालय में टैक्सी चालकों से अधिक रुपये लिए जा रहे हैं। यही नहीं स्पीड गवर्नर मामले में भी अधिक धनराशि ली जा रही है। इससे नाराज टैक्सी चालकों और पदाधिकारियों ने एआरटीओ कार्यालय का घेराव कर दिया। उन्होंने वाहन फिटनेस की तय धनराशि लेने की मांग की। इसके बाद टैक्सी चालकों ने एआरटीओ एल्विन रॉक्सी को ज्ञापन दिया। एआरटीओ एल्विन रॉक्सी ने बताया कि टैक्सी यूनियन की शिकायत पर दो दिनों में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्पीड गर्वनर का मामला शासन स्तर का है। मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। घेराव करने वालों में टैक्सी संघ गोपेश्वर के अध्यक्ष जगमोहन सिंह रावत, चमोली के देवेंद्र कुंवर, नंदप्रयाग के प्रेम सिंह राणा, सूमो यूनियन कर्णप्रयाग के राजेश खत्री, नौटी के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह सहित कई टैक्सी चालक शामिल थे।