ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। प्रधानमंत्री की महत्वकांक्षी योजना ‘आयुष्मान भारत’ शहर के एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में सोमवार को शुरू हो गई। योजना के तहत पहले दिन नगर क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर 11 परिवारों को पांच लाख रुपये स्वास्थ्य बीमा से संबंधित गोल्ड कार्ड जारी किए गए। सीएमएस ने बताया कि क्षेत्र में लगभग 300 परिवारों को यह कार्ड जारी किए जाने हैं।
दून मार्ग स्थित राजकीय अस्पताल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनीता ममगाईं ने पात्र परिवारों को गोल्ड कार्ड वितरित किए। इस दौरान सीएमएस डॉ. एनएस तोमर ने बातया कि क्षेत्र के तमाम इलाकों में आशाओं की मदद से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सूची तैयार की गई है, जिसमें प्रथम चरण में 11 परिवारों को गोल्ड कार्ड जारी कर दिए गए हैं। योजना का लाभ पाने के लिए पात्र परिवार अपने क्षेत्र की आशा से संपर्क कर सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि सोमवार को ओमप्रकाश, इंदु साहनी, प्रेम सिंह, चंद्रपाल, महिलपाल सिंह, मोहन सिंह रावत, नरेश कुमार, सब्बल सिंह, लखपत राम, पत्रु वर्मा आदि को कार्ड जारी किए गए। इस योजना से कार्डधारक पांच लाख रुपये तक का उपचार निजी या सरकारी अस्पताल में करा सकते हैं। मौके पर डॉ. रोहित उपाध्याय, डॉ. बीएस टोलिया, राजपाल ठाकुर आदि मौजूद थे।