गोपेश्वर। शासन ने कर्मचारियों की मांग पर चमोली जिले की जिला पूर्ति अधिकारी शिल्पी शुक्ला को खाद्य एवं आपूर्ति आयुक्त के देहरादून स्थित कार्यालय से अटैच कर दिया है। इसके साथ ही विभाग के कर्मचारियों ने 28 सितंबर से प्रस्तावित सामूहिक बहिष्कार स्थगित कर दिया है।
बता दें कि जिला पूर्ति अधिकारी के तबादले की मांग को लेकर पूर्ति विभाग के कर्मचारी 13 दिनों से क्रमिक अनशन कर रहे थे। सोमवार को अनशन स्थल पर पूर्ति विभाग कर्मचारी संगठन, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, राजकीय वाहन चालक संघ, डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन, मिनिस्ट्रीयल उद्यान विभाग कर्मचारी संघ, मातृ-शिशु कल्याण महिला संघ व चमोली वन कर्मी संघ के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सभी विभागों के पदाधिकारियों ने पूर्ति विभाग के कर्मचारियों की मांग का समर्थन करते हुए आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया था। बैठक में खाद्य आपूर्ति विभाग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुशील ध्यानी, मोहन जोशी, विक्रम सिंह नेगी, मंजीत, एसएस भंडारी, एसएल खनेड़ा, भूपेंद्र सिंह, प्रेमा रावत, रजनी डिमरी, मनोहर सिंह, वी विक्रम, भगवती प्रसाद, गणेश कोठियाल और शशि फरस्वाण आदि मौजूद थे।