जोशीमठ। पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देने के लिए भारत-चीन सीमा क्षेत्र में स्थित देवताल की यात्रा पर गया सीमा दर्शन दल मौसम खराब होने के कारण नागताल से ही बदरीनाथ लौट आया।
वर्ष 2015 से सीमा दर्शन दल पूर्व काबीना मंत्री मोहन सिंह गांववासी के नेतृत्व में चीन सीमा क्षेत्र माणा पास स्थित देवताल तक जाता है। रविवार को बदरीनाथ धाम में बीकेटीसी के सीईओ बीडी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर 54 सदस्यीय दल को देवताल के लिए रवाना किया था। दल के सदस्य माणा गांव से आगे घस्तोली और नागताल पहुंचे, लेकिन यहां बारिश और बर्फबारी होने के कारण रास्ते बंद होने के कारण वह आगे नहीं जा सके। ऐसे में दल को नागताल से ही बदरीनाथ धाम लौटना पड़ा। यात्रा प्रबंधक अजय भट्ट ने बताया कि उच्च हिमालय क्षेत्र में 17950 फीट की ऊंचाई पर स्थित देवताल का नैसर्गिक सौंदर्य सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करता है। मान्यता है कि इस देवताल में स्नान करने के लिए देवतागण भी पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि नागताल में ही पूजा-अर्चना कर दल धाम लौट आया। दल में भास्कर डिमरी, अभिषेक, संजय कप्रवाण, अंशुमान भंडारी, जगमोहन, बनमाला भंडारी, जयश्री पंवार, रमा भंडारी आदि मौजूद थे।