जोशीमठ। पाखी-लांजी-पोखनी-ह्यूंणा सड़क निर्माण की मांग के लिए लांजी और पोखनी क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन और लोनिवि के सहायक अभियंता का घेराव किया। ग्रामीणों ने कहा यदि सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। एई ने शीघ्र सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया।
वर्ष 2013 में स्वीकृत पाखी-लांजी-पोखनी-ह्यूंणा मोटर मार्ग के निर्माण की मांग पर जनता 15 दिनों से जोशीमठ तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रही है। सोमवार को गुस्साए ग्रामीणों ने नगर के मुख्य चौराहे पर शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद दोपहर ग्रामीण लोनिवि कार्यालय पहुंचे और सहायक अभियंता मोहित कुशवाह का घेराव कर दिया। ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत ने कहा कि सुदूरवर्ती गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए विभागीय अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। ग्रामीण दो सप्ताह से सड़क के लिए आंदोलनरत हैं, लेकिन उनकी कोई सुध नहीं ली जा रही है। सहायक अभियंता ने कहा कि दो दिनों में सड़क निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों ने एई के आश्वासन के बावजूद तहसील परिसर में क्रमिक अनशन जारी रखा। कहा गया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ही आंदोलन स्थगित किया जाएगा। इस मौके पर पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र सती, दिनेश राणा, विक्रम भुजवाण, रघुवीर सिंह, प्रताप सिंह, भादी देवी और कुसुम आदि मौजूद थे।