देवाल। खाद्य आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का खामियाजा स्कूलों में पड़ने लगा है। सितंबर माह में स्कूलों में पकने वाला मिड-डे मील का चावल विभाग अभी तक नहीं दे पाया है। ऐसे में कई स्कूलों में नियमित भोजन नहीं बन रहा है। वहीं ब्लाक के अंतर्गत दो माह का खाद्यान्न भी नहीं मिल पाया है। ब्लाक प्रमुख उर्मिला बिष्ट ने डीएम को पत्र लिखकर शीघ्र समस्या का समाधान कर स्कूलों में मिड-डे का राशन भेजने की मांग की है।
खाद्य आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों ने डीएसओ पर अभद्रता का आरोप लगाया था और 12 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। 10 दिनों से कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर हैं, जिस कारण क्षेत्रों में राशन की सप्लाई बंद पड़ी है। नवदीप पब्लिक स्कूल (अशासकीय विद्यालय) के मिड-डे मील प्रभारी राजेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि स्कूल में 1 माह में 2 क्विंटल चावल पकता है। अभी तक सितंबर माह का कोटा नहीं मिल पाया है। ऐसे में बाजार से चावल खरीदरकर काम चलाया जा रहा है।