श्रीनगर। पुरानी पेंशन योजना लागू किए जाने की मांग के लिए राजकीय शिक्षक संघ सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने बाइक रैली का आयोजन किया। कर्मचारी संगठनों का आरोप था कि सरकार उनकी मांग को गंभीरता से नहीं ले रही है।
शुक्रवार को पुरानी पेंशन बहाली मंच के बैनर तले दुपहिया वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में राजकीय शिक्षक संघ, उत्तराखंड राज्य जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, माध्यमिक शिक्षक संगठन. चिकित्सा सेवा, लोक निर्माण विभाग, आईटीआई, जीआईएंडटीआई, पालीटेक्निक, लोनिवि मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संगठन सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इन सभी कर्मचारियों का कहना था, कि पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग के लिए लंबे समय से मांग की जा रही है, लेकिन सरकार कर्मचारियों की मांग को गंभीरता से नहीं ले रही है। कर्मचारियों ने कहा कि बाइक रैली आंदोलन के प्रथम चरण के तहत निकाली गई है। यदि जल्द ही पुरानी पेंशन योजना बहाल नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। रघुवीर सिंह बिष्ट, शिव सिंह नेगी, महेश गिरी, दुर्गेश बर्त्वाल, मनेाजकांत उनियाल, केशर सिंह, मेहरबान सिंह पंवार, अरुण बडोनी, राकेश रावत, एसपी डिमरी, दीपक बिजल्वाण, शिवदयाल भंडारी आदि शामिल थे।