गोपेश्वर। चमोली जिला पूर्ति अधिकारी के स्थानांतरण की मांग के लिए कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत कर्मचारियों ने कहा कि जब तक डीएसओ का स्थानांतरण नहीं हो जाता आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं, डीएसओ कार्यालय की चाबियां आंदोलनकारी कर्मचारियों के पास होने से उपनल कर्मियों के मासिक वेतन की रिपोर्ट भी नहीं बन पा रही है।
कर्मचारियों ने कहा कि जिला पूर्ति विभाग के कर्मचारियों ने डीएसओ पर अभद्रता और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए डीएम से कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन मामले में कोई कार्रवाई न होने पर कर्मचारियों ने 12 सितंबर से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी शिल्पी शुक्ला का कहना है कि हड़ताली कर्मचारियों के कारण उपनल कर्मियों के वेतन की रिपोर्ट भी नहीं बन पा रही है। प्राइवेट वाहन से ही गोदामों और सस्ते गल्ले का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने डीएम को पत्र भेजकर शीघ्र मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। धरने पर इंद्रदेव नौटियाल, महेंद्र सिंह, डीपी जोशी, वीरेंद्र प्रसाद, प्रदीप रावत, संतोष कुमार, भगवती प्रसाद सती और बीना बिष्ट आदि बैठे।