श्रीनगर। गढ़वाल विवि की अंतर महाविद्यालयी बास्केटबाल (महिला) प्रतियोगिता की खिताबी भिड़ंत बिड़ला परिसर श्रीनगर व डीएवी कालेज देहरादून के बीच होगी। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर फाइनल में जगह बनाई।
मंगलवार को गढ़वाल विवि की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय महिला बास्केटबाल प्रतियोगिता प्रशासनिक भवन मैदान में शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पीएस राणा ने किया। प्रतियोगिता में 7 टीम भाग ले रही हैं, जिसके चलते सीधे क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच मेजबान बिड़ला परिसर और एमपीजी कॉलेज मसूरी के बीच खेला गया। बिड़ला परिसर ने एकतरफा मुकाबले में मसूरी को 36-2 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरा मुकाबला डीबीएस देहरादून और स्वामी रामतीर्थ परिसर टिहरी के बीच हुआ। डीबीएस ने 19-6 से मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। जबकि तीसरे मुकाबले में एमकेपी देहरादून स्वामी गुरु राम राय कॉलेज देहरादून को 29-14 से पराजित कर सेमीफाइनल में पहुंची। गत वर्ष की विजेता डीएवी देहरादून बाई के सहारे सेमीफाइनल में पहुंच गई। पहला सेमीफाइनल मुकाबला बिड़ला परिसर व एमकेपीजी कालेज देहरादून के बीच खेला गया, जिसमें बिड़ला परिसर 11 के मुकाबले 65 से विजयी रहा। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला डीएवी व डीबीएस के बीच खेला गया, जिसमें डीएवी 8 के मुकाबले 34 अंकों से विजयी रहा। बुधवार को बिड़ला परिसर व डीएवी के बीच फाइनल मुकाबला होगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि खल निदेशक डा. एसएस बिष्ट, प्रतियोगिता संयोजक मोहित बिष्ट, डा. हीरा लाल यादव, डा. मुकुल पंत, रमेश रावत, दिनेश रावत, सुदीप कुमार और रघुवीर आदि मौजूद थे।