ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तीर्थनगरी का नन्हा राघव अग्रवाल फिल्म ‘बत्ती गुल, मीटर चालू’ में अभिनेता शहीद कपूर के साथ नजर आएंगे। उन्हें फिल्म में शाहिद के साथ मौजमस्ती करते हुए दिखाया गया है। फिल्म में राघव बिजली कंपनी के मालिक को सबक सिखाने के सीन में शाहिद के साथ दिखेंगे। सिनेमाघरों में 21 सितंबर को रिलीज होने जा रही फिल्म बत्ती गुल, मीटर चालू में गंगानगर स्थित हनुमंतपुरम निवासी नीरज अग्रवाल के सात वर्षीय बेटे राघव अग्रवाल का रोल भी है।
उनकी मुलाकात फिल्म में एक बिस्कुट फैक्ट्री में अभिनेता शाहिद कपूर के साथ होती है। इस दौरान दोनों के बीच मौजमस्ती के दृश्य फिल्माए गए हैं। फिल्म में अभिनेता के साथ ही राघव के कई सीन हैं। राघव की मां पूजा अग्रवाल ने बताया कि उसकी उम्र सात साल है और शहर के एक निजी स्कूल में कक्षा दो का छात्र है। बताया कि बेटे को काफी समय में फिल्मों में एक्टिंग का शौक था और वह अक्सर घर में एक्टिंग का अभ्यास करता रहता है।
पूजा ने बताया कि इस फिल्म में कुछ सीन के लिए बच्चे की जरुरत थी, जिसके लिए ऋषिकेश के दूनमार्ग स्थित एक होटल में ऑडिशन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बताया कि राघव ने भी इसमें हिस्सा लिया और वह इसके लिए चयनित भी हो गया। अभिनेता शाहिद के साथ उसकी शूटिंग देहरादून में आईएसबीटी के आसपास हुई है।