कर्णप्रयाग। विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के गांवों में स्कूल बंद करने से पलायन और बढ़ेगा। कम छात्र संख्या वाले स्कूलों को बंद करने पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि सरकार स्कूल बंद कर कई गरीब बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित कर रही है।
अमर उजाला से बातचीत में डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी ने कहा कि भाजपा सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल में पहाड़ों से पलायन में बढ़ोत्तरी हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में सरकार कोई बड़ा संस्थान नहीं खोल पा रही है। यही नहीं जिलों में स्वीकृत तमाम बेस अस्पताल के काम शुरू नहीं हो पा रहे हैं। गांवों में सड़कों के निर्माण और स्वीकृति पर सरकार ने ब्रेक लगा दिया है, जिससे ग्रामीण विकास प्रभावित हुआ है। श्रीनगर के बेस अस्पताल से उपकरण अन्यत्र स्थापित करना भाजपा सरकार की नाकामी है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दाम से महंगाई चरम पर है।