गोपेश्वर। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने पाडुली गांव में धान की फसल पर किए जा रहे क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने स्वयं भी दरांती लेकर धान की फसल काटी।
कृषि एवं सांख्यिकी विभाग की ओर से पाडुली गांव के गजेंद्र सिंह के खेत में 30 वर्गमीटर में क्रॉप कटिंग का प्रयोग किया गया है। यहां धान का 6.700 किग्रा का उत्पादन हुआ है। इस दौरान डीएम ने खेत का नक्शा, खसरा रजिस्टर आदि भू-अभिलेखों की जांच भी की। डीएम ने कहा कि क्रॉप कटिंग से ही किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ मिलेगा। क्रॉप कटिंग प्रयोग के तहत खेत में 30 वर्गमीटर प्लाट बनाकर उसमें उत्पादित फसल के बीज को 15 दिनों तक सूखने के लिए रखा जाता है। इसके बाद उत्पादन की गणना की जाती है। क्राप कटिंग प्रयोग से प्राप्त उत्पादन के आंकड़ों के आधार पर क्षतिपूर्ति एवं फसल बीमा की राशि की गणना और विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की गणना की जाती है। क्राप कटिंग प्रयोग के तहत फसल का उत्पादन भी बेहतर होता है। इस मौके पर अपर सांख्यिकीय अधिकारी भुवन चंद्र बिष्ट, सहायक सांख्यिकीय अधिकारी कुसुम, राजस्व उप निरीक्षक मोहन लाल, रश्मि देवी, कल्पेश्वरी देवी और मीना देवी आदि मौजूद थेे।