गोपेश्वर। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलसचिव दीपक भट्ट ने विवि के गोपेश्वर कैंपस परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र संघ को परिसर में जल्द ही भवन और फर्नीचर की समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया।
बृहस्पतिवार को कुलसचिव ने विवि परिसर के भवनों, प्रयोगशाला और समस्त विभाग के कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंपस प्रशासन और प्रवक्ताओं के साथ बैठक भी की। उन्होंने कहा कि कैंपस में ऑडिटोरियम हॉल का निर्माण किया जाएगा और जल्द ही सभी सुविधाओं की व्यवस्था कर दी जाएगी। वहीं, छात्र संघ अध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व में छात्र संघ के सभी पदाधिकारियों ने भी कुलसचिव से वार्ता की। छात्रों ने कहा कि महाविद्यालय में प्रवक्ताओं की कमी बनी है, जिससे सीमांत क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए मैदानी क्षेत्र के महाविद्यालयों में जाना पड़ रहा है। कुलसचिव ने शीघ्र यहां प्रवक्ताओं की तैनाती का भरोसा दिलाया। इस मौके पर प्रभारी प्राचार्य डा. अरविंद अवस्थी, मीडिया कोआर्डिनेटर डा. दर्शन सिंह नेगी, डा. दिनेश सती, डा. अरविंद भट्ट, डा. भगवती प्रसाद, डा. विनय रमन बहुगुणा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी आरआर चमोली आदि मौजूद थे।