ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। रायवाला में नियमों को ताक पर रखकर शिफ्ट की गई देसी शराब की दुकान का विवाद थम नहीं रहा है। मंगलवार को वैदिकनगर की महिलाएं शराब की दुकान के विरोध में सड़क पर उतर आई। उन्होंने सुबह से शाम तक दुकान से शराब नहीं बिकने दी। महिलाओं ने शराब की दुकान के सभी पहुंच मार्गों पर घेरा डाले रखा। कहा कि आबादी क्षेत्र में शराब की दुकान को हरगिज नहीं चलने दिया जाएगा। दरअसल, रायवाला क्षेत्र में हाल ही में देसी शराब की दुकान को मुर्गीफार्म से बदरीनाथ राष्ट्रीय के किनारे वैदिकनगर में शिफ्ट किया गया था, जिसमें विभाग ने रास्ते व राजमार्ग से दूरी को लेकर जांच की बात कही थी।
दुकान की शिफ्टिंग के वक्त स्थानीय महिलाएं इसके विरोध में सामने भी आई थीं। सोमवार को देसी शराब की दुकान को आबादी से हटाने की मांग को लेकर वैदिकनगर की महिलाओं का हुजूम जमा हुआ। इस दौरान महिलाओं ने दुकान तक पहुंचने वाले सभी रास्तों पर डेरा डाल दिया। उन्होंने किसी भी ग्राहक को दुकान तक पहुंचने नहीं दिया। चेताया कि शीघ्र शराब ठेके को आबादी क्षेत्र से नहीं हटाया, तो वह शराब नहीं बिकने देंगी। हालांकि, आबकारी विभाग का कोई भी अधिकारी उन्हें समझाने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा। मौके पर समाजसेवी कुसुम जोशी, फ्यूला देवी, दिनेश्वरी राणा, विमला परमार, पिंकी सैनी, विमला नौटियाल, सपना सैनी आदि मौजूद थे।