जोशीमठ। उर्गम घाटी में नंदा लोकजात यात्रा का आगाज हो गया है। मंगलवार को देवग्राम गांव स्थित गौरा देवी मंदिर में मां नंदा की छंतोली की पूजा की गई इसके बाद छंतोली फ्यूंलानारायण मंदिर के रवाना हुई। शाम को छंतोली मंदिर में पहुंची जहां भक्तों ने उनका भव्य स्वागत किया। बुधवार को भक्तों के साथ मां नंदा की छंतोली भनाई बुग्याल से ब्रह्मकमल लाने जाएंगी। 15 से 20 सितंबर तक उर्गम घाटी में नंदा लोकजात मेला शुरू होगा।
प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह नेगी, भर्की गांव के प्रधान दुलभ सिंह, लोकजात कमेटी के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह कंडवाल ने बताया कि मंगलवार को गौरा देवी मंदिर से मां नंदा की छंतोली रवाना हुई और शाम को फ्यूंलानारायण मंदिर पहुंच गई। बुधवार को छंतोली दस किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर उच्च हिमालय क्षेत्र में स्थित भनाई बुग्याल पहुंचेगी। यहां से मां नंदा प्रतीक के रूप में ब्रह्मकमल लेकर उसी दिन छंतोली देवग्राम गांव पहुंचेगी। यहां फ्यूंलानारायण मंदिर में 15 से 20 सितंबर तक लोकजात का आयोजन होगा। जात में 15 सितंबर को भर्की गांव की मां नंदा, उर्गम घाटी की आराध्य देवी मां स्वनुल, डुमक, लांजी-पोखनी, ह्यूंणा, पल्ला, सलना, अरोसी, ग्वाणा, पिलखी और भेंटा गांव से मां नंदा की छंतोलियां शामिल होंगी। इस दौरान देव छंतोलियों का फ्यूंलानारायण मंदिर में अद्भुत मिलन होगा। रात्रि के समय मां नंदा और स्वनुल देवी की पूजा होगी। महिलाएं जागरों से अपनी आराध्य देवियों का आह्वान करेंगे।
फोटो
जय भगोती नंदा, नंदा ऊंचा कैलाश की जय.... से गूंजा क्षेत्र
देवाल। बधाण की ईष्ट देवी नंदा की डोली मंगलवार को ब्लाक के पहले गांव कोठी पहुंची। यहां ग्रामीणों ने देवी की पूजा की। इसके बाद देवी रात्रि विश्राम के लिए देर शाम धरातल्ला गांव पहुंची। बुधवार को डोली पूर्णा, देवाल बाजार, इच्छोली, हाटकल्याड़ी होते हुए रात्रि प्रवास के लिए फल्दियागांव पहुंचेगी।
मंगलवार को नंदा लोक जात यात्रा भक्तों के साथ कोठी गांव पहुंची। यहां महिला मंगल दल ने मां नंदा की आरती की और ढोल दमाऊं व बाजे भंकोरों के साथ जागरों से यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान कुरूड़ के गौड़ पुजारियों ने देवनृत्य कर लोगों को सुख शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दिया। इस दौरान जय भगोती नंदा, नंदा ऊंचा कैलाश की जय... सहित अन्य देवी गीतों से क्षेत्र गुंजायमान रहा। इस दौरान कोठी, नंदकेशरी, सरकोट, उंणी, देवसारी, चिड़िंगा सहित कई गांव के श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन कर पूजा की। रात्रि विश्राम के लिए यात्रा देर शाम धरातल्ला पहुंची। जहां नंदा लोक जात यात्रा का पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान नंदा बल्लभ जुयाल, पुष्कर सिंह पिमोली, मादो सिंह पिमोली, गौर सिंह, उमेद सिंह, महिपाल सिंह, भुवन जोशी, जगदीश चंद्र, गोविंद प्रसाद, देवी दत्त, सावित्री देवी, उमा देवी दयाल सिंह, लखन रावत, प्रेम सिंह, दलबीर बिष्ट और रघुबीर सिंह आदि मौजूद थे।