जोशीमठ। सीमा सड़क संगठन की शिवालिक परियोजना के मुख्य अभियंता आशु सिंह राठौर चमोली से लगे चीन सीमा क्षेत्र में भारत की ओर से किए जा रहे सड़क विस्तार का निरीक्षण करेंगे। वे 12 और 13 सितंबर को नीती और माणा क्षेत्र में चीन सीमा को जोड़ने वाली सड़कों का जायजा लेंगे। मंगलवार को वे बीआरओ के बैस कैंप जोशीमठ पहुंचे।
बीआरओ के कमांडर एसएस मक्कड़ ने बताया कि केंद्र सरकार चीन सीमा क्षेत्र में सड़क विस्तार पर विशेष जोर दे रही है। शिवालिक परियोजना की ओर से सीमा क्षेत्र की सड़कों का इन दिनों विस्तारीकरण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्य अभियंता 12 सितंबर को जोशीमठ से रिमखिम तक और 13 सितंबर को जोशीमठ से माणा पास सड़क का निरीक्षण करेंगे। जोशीमठ से रिमखिम 102 किलोमीटर की दूरी पर है, जबकि देश के अंतिम गांव माणा से माणापास करीब 50 किमी की दूरी पर है। इससे पहले मई माह में भी शिवालिक परियोजना के उच्च अधिकारी सीमा क्षेत्र की सड़कों के निरीक्षण पर पहुंचे थे।