ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला। बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर प्राचीन सत्यनारायण मंदिर के समीप ट्राला खराब होने से घंटों जाम लग गया, जिसके चलते हाईवे पर सुबह के समय लगे जाम से नेपालीफार्म से मोतीचूर रेलवे फाटक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम को खोलने के लिए रायवाला थाना पुलिस को घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
रायवाला क्षेत्र में नेशलन हाईवे पर पौराणिक सत्यनारायण मंदिर के समीप एक सीमेंट के बिजली के पोल से लदा ट्राला खराब हो गया। जिसके कारण राजमार्ग पर भारी जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची रायवाला पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से घंटों मशक्कत कर ट्राले को साइड कराकर यातायात को सुचारु किया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक हाईवे पर वाहन रेंग रेंगकर आगे बढ़े, जिससे राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराने में पुलिस को सुबह के समय जमकर पसीना बहाना पड़ा। बाद दोपहर तक यातायात सुचारु हो सका।