थराली। मां नंदा देवी राजराजेश्वरी की डोली सोमवार को यात्रा के नवें पड़ाव चेपड़ों गांव पहुंची। यहां देवी भक्तों ने मां नंदा की डोली का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान देवी के दर्शनों के लिए थराली, राड़ीबगड़ और चेपड़ों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
रविवार को देवी की डोली ने सूना गांव में रात्रि विश्राम किया था। यहां अमावस की रात्रि में मां नंदा की विशेष पूजा होती है। कहा जाता है कि सूना में मां नंदा की महाकाली के रूप में पूजा होती है। सूना से विदा होकर मां नंदा की डोली सोमवार को थराली गांव पहुंचीं जहां भक्तों ने मां नंदा को उपहार भेंट कर अनाज तथा फलों का चढ़ावा अर्पित किया। इसके बाद डोली केदारबगड़, राड़ीबगड़ होते हुए सोमवार देर शाम नंदा चेपड़ों पहुंची। इस अवसर पर बलराम बहुगुणा, प्रीतम सिंह, प्रेम बुटोला, कुंदन सिंह, राजेंद्र सिंह बिष्ट, डीडी उनियाल आदि उपस्थित थे।