श्रीनगर। कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृहों को पीपीपी में संचालित किए जाने व निगम में तैनात कर्मियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दिए जाने पर कर्मियों ने आक्रोश व्यक्त किया है।
शनिवार को जीएमवीएन में आयोजित बैठक में कर्मियों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से पर्यटक आवास गृहों को पीपीपी में दिया जा रहा है। साथ ही कर्मियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जा रही है। आक्रोशित कर्मियों ने कहा कि विगत नौ माह से उन्हें वेतन का भुगतान भी नहीं किया गया है। कर्मियों ने पीपीपी दिए जाने का फैसला वापस न लिए जाने व कर्मियों की मांगों पर कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर वरुण पोखरियाल, आनंद सिंह, वीर सिंह, प्रयाग जोशी, अमर सिंह, सर्वेंद्र रावत, राजेंद्र कुमार, देवेंद्र बुटोला, अनिल कुमेड़ी, परवेश कुमार आदि मौजूद थे।