जोशीमठ। मुख्य सचिव उत्पल कुमार ने शनिवार को हेमकुंड साहिब यात्रा का जायजा लिया। उन्होंने गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्तावित रोपवे कार्यस्थल की जानकारी भी ली। वे रात्रि विश्राम के लिए हेमकुंड यात्रा के मुख्य पड़ाव घांघरिया में रुके।
शनिवार को मुख्य सचिव अपराह्न साढ़े ग्यारह बजे हेलीकॉप्टर से यात्रा पड़ाव घांघरिया के समीप कांचिला हेलीपैड पहुंचे। यहां से डीएम स्वाति एस भदौरिया, एसडीएम योगेंद्र सिंह और गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह के साथ वे सात किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर हेमकुंड साहिब पहुंचे। हेमकुंड गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद मुख्य सचिव ने यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वे देर शाम रात्रि प्रवास के लिए घांघरिया पहुंचे। प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि मुख्य सचिव रविवार को हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे।