श्रीनगर। शहर क्षेत्र के व्यस्ततम गणेश बाजार में स्थित होटल बीजेइन के कमरे में आग लग गई। होटल के समीप से गुजर रहे गढ़वारल विवि के दो छात्रों ने कमरे से धुआं आते देख इसकी सूचना होटल मालिक को दी। और साथ ही आग बुझाने में जुट गए। छात्रों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने भी आग बुझाने में तत्परता दिखाई।
बृहस्पतिवार तीन बजे शाम गणेश बाजार स्थित बीजेइन होटल के एक कमरे में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण कमरे की खिड़की पर रखे गए कूलर में शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। होटल मालिक मोहन लाल जैन ने बताया कि वह होटल के एक अन्य कमरे में बैठे हुए थे। इतने में छात्र विनीत पोश्ती व दीपक उनियाल उन्हें कमरे से धुआं निकलने की जानकारी। कमरे में पहुंचते ही दोनों छात्र आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर कोतवाल एनएस बिष्ट और फायर ब्रिगेड का वाहन भी पहुंचा। जिसके बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। जैन ने बताया कि आग से दो कमरों को नुकसान हुआ।