ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तीर्थनगरी में वर्षा जल निकासी व्यवस्था के फेल होेने से एकबार फिर बारिश से सड़कों पर जलभराव से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। रविवार की शाम के समय महज डेढ़ घंटे की बरसात से सारा शहर पानी पानी हो गया। सड़कों के लबालब होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही आसमान में बादलों के बीच सूरज की लुका-छिपी से मौसम खुशनुमा बना रहा। दोपहर बाद करीब ढाई बजे से शाम चार बजे तक झमाझम बारिश हुई, जिससे शहर के देहरादून रोड, हरिद्वार रोड पुरानी चुंगी, जीवनी माई रोड, चौदहबीघा चुंगी आदि इलाकों में जलभराव से सड़कें लबालब हो गई। इस दौरान सड़क पर चलने वालोें को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हरिद्वार रोड पर पुरानी चुंगी के पास गड्ढों में पानी भरने से दुपहिया वाहन चालक और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी।