ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला छात्र संघ चुनाव के लिए निशांत मिश्रा को एबीवीपी ने अध्यक्ष और पकंज कुमार को महासचिव पद का उम्मीदवार बनाया है। डोईवाला महाविद्यालय छात्र संघ के आठ सितंबर को चुनाव के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने छात्र संघ के पदाधिकारियों के लिए नाम घोषित करने के साथ ही चुनावी तैयारियों को शुरू कर दिया है। परिषद के जिला संयोजक विनोद चौहान ने अनुसार अध्यक्ष पद निशांत मिश्रा, उपाध्यक्ष पर मनीषा बिष्ट, महासचिव पर पंकज कुमार, सह सचिव पर मोहित कक्कड़, कोषाध्यक्ष निधि और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर सूरज शाह परिषद के उम्मीदवार बनाए गए है।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार निशांत मिश्रा ने टीम के साथ चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। वहीं, एनएसयूआई आज डोईवाला महाविद्यालय के छात्र संघ पदाधिकारियों के उम्मीदारों की सूची जारी करेगी। कुछ पदों पर नाम पर सहमति नहीं बनने से विलंब होने की बात संगठन पदाधिकारियों ने स्वीकारी है। बताया गया कि चुनाव के लिए मजबूत दावेदार चयन के कारण थोड़ा विलंब हुआ है। डोईवाला महाविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष मनीष यादव ने बताया कि उम्मीदवारों का चयन किया जा चुका है। विभिन्न पदों के उम्मीदवारों की सूची को सोमवार को जारी कर दिया जाएगा।