ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
ग्राम्य विकास विभाग के अधीन संचालित उत्तराखंड पर्वतीय आजीविका संवर्धन कंपनी और ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान शंकरपुर की ओर से त्यूनी में तीन दिवसीय कार्यशाला की शुरुआत रविवार से हुई।
कार्यशाला में ग्रामीणों को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर पैदा करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले दिन ग्रामीणों को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। पर्वतीय आजीविका मिशन के पदाधिकारी अजय तिवारी ने बताया कि जानकारी के अभाव में कई ग्रामीण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कन्या धन, दिव्यांग पेंशन, जनश्री बीमा, जनधन, प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना, अटल पेंशन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड आदि की जानकारी मुहैया कराई।
शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष बॉबी चौहान ने कहा कि योजनाओं की जानकारी नहीं होने से ग्रामीण योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे थे। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता अभियान, वनों को आग से बचाने, मनरेगा आदि की जानकारी भी दी। इस दौरान बारू दत्त नौटियाल, राजेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, पुष्पा राणा, प्रहलाद रावत, अनंत राय आदि मौजूद रहे।