श्रीनगर। गढ़वाल प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता (सीजन थ्री) का 16 दिसंबर से आगाज होगा। इस बार टर्फ विकेट में मैच खेले जाएंगे। वहीं टीम मालिकों को तीन प्रोफेशनल खिलाड़ियों को खिलाने की छूट है। जीआईएंडटीआई मैदान के अलावा श्रीकोट और पौड़ी में भी मैच खेले जाएंगे।
रविवार को जीपीएल कमेटी ने आयोजन की तिथि घोषित कर दी। आईपीएल की तर्ज पर होने वाली जीपीएल का 16 दिसंबर को आगाज होगा। कमेटी के अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली और सचिव कुलवीर उनियाल ने बताया कि इस बार भी प्रतियोगिता में 14 टीमें हिस्सा लेंगी। 8 टीमों को खरीदने के लिए नया अनुबंध होगा। जीपीएल के लिए पंजीकरण फार्म 25 सितंबर से मिलने शुरू हो जाएंगे। खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू होगी। जबकि खिलाड़ियों की नीलामी 25 नवंबर को होगी। प्रतियोगिता के मैच एक साथ पौड़ी, श्रीकोट और जीआईएंडटीआई मैदान में होंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक टीम में 8 खिलाड़ी उत्तराखंड से होंगे। पिछली बार तक टीम मालिक सिर्फ 2 दो प्रोफेशनल खिलाड़ियों को खिला सकते थे, लेकिन इस बार इनकी संख्या तीन हो गई है। उक्त खिलाड़ियों की नीलामी नहीं होती है, इनको टीम मालिक स्वयं लाते हैं। आयोजन समिति ने बताया कि नेशनल व इंटरनेशनल क्रिकेट मैच टर्फ विकेट पर खेले जाते हैं, लेकिन श्रीनगर में मैट पर मैच होते थे। इसलिए टर्फ विकेट पर ही मैच खेले जाएंगे। विजेता टीम को तीन लाख रुपये और उपविजेता टीम को दो लाख रुपये मिलेंगे।