श्रीनगर। नविका सागर प्रक्रिमा अभियान के तहत दुनिया की सैर करने वाली नौसेना महिला अधिकारियों की टीम केबीसी में नजर आएगी। अभियान का नेतृत्व की उत्तराखंड की वर्तिका जोशी ने किया था। टीम के सभी सदस्यों को कौन बनेगा करोड़पति के एपिसोड के लिए बुलाया गया है। एपिसोड की शूटिंग 10 सितंबर को मुंबई में होगी।
भारतीय नौसेना के छह महिला अधिकारी कौन बनेगा करोड़पति के एपिसोड में दिखेंगी। अभियान दल का नेतृत्व करने वाली लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी मूलरूप से पौड़ी जिले धूमाकोट के स्यालखेत (हाल निवास श्रीनगर) के रहने वाली हैं। दल में उनकी साथी ले. कमांडर प्रतिभा जामवाल (हिमाचल प्रदेश), ले. कमांडर पी स्वाति (आंध्र प्रदेश), ले. पायल गुप्ता (देहरादून), ले. विजया देवी (मणिपुर), ले. बी ऐश्वर्या (तेलांगना) शामिल थीं। दल ने 10 सितंबर 2017 से पाल नौका आईएनएसवी (इंडियन नेवल सेलिंग वेसल) तारणी से समुद्री यात्रा शुरू की थी। समुद्र की विपरीत परिस्थितियों से जूझते और जानलेवा स्थानों को पार कर (21,600 नॉटिकल मील) दल 23 मई 2018 को भारत पहुंचा। लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी के पिता प्रो. पीके जोशी ने बताया कि एपिसोड की शूटिंग 10 सितंबर को मुंबई में होगी।