कीर्तिनगर। जेल से रिहा होने के बाद आंदोलनकारी दौलत कुंवर दोबारा अनशन पर बैठ गए है। वहीं आंदोलनकारी गिरीश बहुगुणा और ओमप्रकाश थपलियाल का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा।
श्रीनगर विद्युत परियोजना प्रभावितों के आंदोलन ने एक माह पूरा हो गया है। रोजगार, मुआवजा व आर्थिक पैकेज सहित 16 सूत्री मांगों के लिए मंच के बैनर तले श्रीनगर जल विद्युत परियोजना प्रभावित एक अगस्त से रामलीला मैदान में आंदोलन कर रहे हैं। 15 अगस्त से दौलत कुंवर और पुष्पा जोशी व अन्य ने आमरण अनशन शुरू कर दिया था। पुष्पा जोशी को प्रशासन ने 29 अगस्त को अस्पताल में भर्ती करा दिया। उनके स्थान पर बृहस्पतिवार से गिरीश बहुगुणा और ओम प्रकाश थपलियाल आमरण अनशन पर बैठ गए। वहीं, दौलत कुंवर को 18 अगस्त को जेल भेज दिया था। उन्होंने जेल में भी अनशन जारी रखा। बृहस्पतिवार को जेल से रिहा होने के बाद वह अनशन जारी रखते हुए रामलीला मैदान में धरने पर बैठ गए। शुक्रवार को सीएचसी कीर्तिनगर के डा. विनय ने बहुगुणा और थपलियाल का स्वास्थ्य परीक्षण किया। दोनों का स्वास्थ्य सामान्य बताया गया। वहीं कुंवर ने मेडिकल चेकअप कराने से मना कर दिया। इससे पूर्व बृहस्पतिवार देर शाम कुंवर, जिला पंचायत सदस्य उत्तम भंडारी व राजेंद्र मुयाल की टिहरी जेल से रिहाई होने के बाद आंदोलन स्थल में पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश बर्त्वाल, सतीश थपलियाल, लखपत रावत, सुनीता देवी, विमला देवी, बसंती व गिरीश आदि मौजूद थे।
>>>>>
5 सितंबर को महापंचायत
श्रीनगर। श्रीनगर जल विद्युत परियोजना प्रभावितों के आंदोलन को प्रचंड करने के लिए 5 सितंबर को महापंचायत का आयोजन होगा। शुक्रवार को किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भोपाल चौधरी ने आंदोलन स्थल कीर्तिनगर पहुंचकर समर्थन दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार, विधायक और सांसद जनता की सुनने के बजाय कंपनी की सुन रहे हैं। ऐसे में आंदोलन को तेज करना जरूरी हो गया है। आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए 5 सितंबर को महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
>>>>>>>>>>>>>>>>>
जारी
रणजीत