कर्णप्रयाग। मुख्य बाजार को सुभाषनगर वार्ड से जोड़ने वाला एप्रोच मार्ग दो दिनों से बंद है। मार्ग बंद होने से यहां लोगों की दस से अधिक कार फंसी हैं। यही नहीं एक सप्ताह से नाली का पानी एप्रोच मार्ग पर बह रहा है, जिससे स्कूल आने वाले बच्चों और राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। यहां पास ही तहसील मुख्यालय होने के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
सुभाषनगर निवासी अनुज डिमरी, कमलेश गैरोला, जसवीर सिंह आदि का कहना है कि बुधवार शाम को एप्रोच मार्ग पर भूस्खलन का मलबा आ गया था, जिससे दो दिनों बाद भी नहीं हटाया गया। यही नहीं 25 अगस्त को भी यहां मलबा आया था, जिससे नाली बंद हो गई। तब से सड़क पर जगह-जगह पानी बहने से स्कूल आने जाने बच्चों और पैदल राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका के ईओ आरएस राणा का कहना है कि अब मौसम साफ है। जल्द एप्रोच मार्ग को ठीक करा दिया जाएगा।