गोपेश्वर। हॉकी के जादूगर स्व. ध्यानचंद की जयंती पर चमोली खेल विभाग की ओर से तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बुधवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन जूनियर बालकों की हॉकी में जीआईसी गोपेश्वर की टीम ने पीस पब्लिक स्कूल की टीम को 3-0 अंकों से हराकर प्रतियोगिता जीती। विजेता टीम की ओर से खिलाड़ी चंद्रसिंह ने मैच के चार और ग्यारहवें मिनट में एक-एक गोल और प्रभाकरन ने सातवें मिनट में एक गोल दागकर टीम को विजय दिलाई।
प्रतियोगिता में हॉकी के साथ ही बास्केटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं भी हुई थीं। इनका फाइनल मुकाबला मंगलवार को देर शाम हुआ। बास्केटबॉल में पीस पब्लिक स्कूल और कबड्डी प्रतियोगिता में उत्तराखंड पब्लिक स्कूल की टीमें विजेता बनीं। बुधवार को प्रतियोगिता के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिनाश दीपक, वालीबॉल संघ के जिलाध्यक्ष अशोक रावत, गोपाल सिंह बिष्ट, हेम पुजारी, जिला पंचायत सदस्य मनोज भंडारी, कमल किशोर सिंह, तनवीर अहमद आदि मौजूद थे।