जोशीमठ। थैंग गांव के ग्रामीणों ने थौली नाले में क्षतिग्रस्त पड़ी पुलिया को श्रमदान कर आवाजाही के लिए सुचारु कर दिया है। गत जुलाई में भारी बारिश के कारण पुलिया नाले का जलस्तर बढ़ने से बह गई थी। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई और तहसील प्रशासन के अधिकारियों पुलिया निर्माण की गुहार लगाई, लेकिन इस ओर किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। अब सरकार की ओर ताकने के बजाय ग्रामीणों ने स्वयं के संसाधनों से ही लकड़ी की पुलिया का निर्माण कर इसे आवाजाही लायक बना दिया है। ग्रामीणों को इस पुलिया को बनाने में चार दिन का समय लगा।
मारवाड़ी-थैंग मार्ग पर थौली नाले में निर्मित पुलिया जुलाई की बारिश के दौरान नाले का जलस्तर बढ़ने से बह गई थी। ग्रामीण प्रकाश पंवार का कहना है कि कई बार पीएमजीएसवाई और तहसील के अधिकारियों से पुलिया निर्माण की मांग उठाई, लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब थक हारकर ग्रामीणों ने स्वयं पुलिया तैयार की है।