गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में सोमवार को चौथे दिन भी वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। हाईवे बंद होने पर लामबगड़ से 153 तीर्थयात्री पैदल चलकर बदरीनाथ धाम पहुंचे, जबकि 77 तीर्थयात्री बदरीनाथ के दर्शन कर गंतव्य को लौटे।
वहीं, बदरीनाथ हाईवे के भूस्खलन क्षेत्र क्षेत्रपाल में रुक-रुककर चट्टान से भूस्खलन हो रहा है, जिससे यहां एक-एक कर वाहनों की आवाजाही करवाई जा रही है। हाईवे के दोनों छोर पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है लेकिन पुलिस की रोक के बावजूद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पैदल ही भूस्खलन क्षेत्र को पार कर रहे हैं। सोमवार को बारिश थमने के कारण एनएचआईडीसी की ओर से हिल साइड अटके मलबे को भी हटाना शुरू कर दिया है। उपजिलाधिकारी परमानंद राम ने बताया कि मौसम सामान्य होने पर क्षेत्रपाल में हिल साइड जमा मलबे को साफ कर दिया जाएगा। जल्द ही हाईवे को सुचारु कर दिया जाएगा।
इंसेट
एक बार में एक वाहन ही पुल से गुजारें
गोपेश्वर। दूसरी ओर बदरीनाथ हाईवे पर बिरही पुल के नीचे वीर गंगा से हो रहे कटान से पुल खतरे की जद में है। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने पुलिस प्रशासन को पुल से एक बार में एक ही वाहन की आवाजाही करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने लिए पुल के दोनों छोर पर साइन बोर्ड स्थापित करने को कहा।