ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । गढ़वाल डिवीजन जल संस्थान कर्मचारी संघ ने उत्तराखंड कार्मिक शिक्षक आउटसोर्स संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 13 सूत्रीय मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार किया गया। शनिवार को शाखा अध्यक्ष आशीष चौहान के नेतृत्व में कर्मचारियों द्वारा प्रगति विहार स्थित जल संस्थान कार्यालय के समक्ष एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन के साथ कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। शाखा अध्यक्ष आशीष चौहान ने कहा कि संघ की ओर से 23 जुलाई को मुख्य सचिव को 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया था, जिस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके चलते सभी कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से आंदोलन में सहयोग करने का आह्वान किया। कर्मचारियों द्वारा कार्य बहिष्कार किए जाने से संस्थान के कैश काउंटर में बिलिंग का कार्य और लाइनों में लीकेज मरम्मत आदि कार्य नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस अवसर पर निधि गुप्ता, सीमा नेगी, युवराज सोलंकी, नानक चंदेल, सुरेंद्र कुमार, गजेंद्र शर्मा, राजेंद्र पंत, नरेंद्र श्रीवास्तव, राशिद, जितेंद्र राजभर, नीशू शर्मा, सुभाष बिष्ट, अनिल कुमार, विमलेश शर्मा आदि मौजूद थे।