देवप्रयाग। तीर्थनगरी देवप्रयाग में संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए श्री रघुनाथ कीर्ति आदर्श संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों ने स्थानीय बाजार के विभिन्न मार्गों पर शोभा यात्रा निकाली। इसके बाद श्री रघुनाथ मंदिर में यात्रा का समापन किया गया है।
शनिवार को संस्कृत सप्ताह के तहत आयोजित शोभा यात्रा विद्यालय परिसर से नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री रघुनाथ मंदिर पहुंची। इस दौरान छात्रों ने उद्घोष व पट्टिकाओं पर लिखे संस्कृत श्लोकों के माध्यम से लोगों को संस्कृत भाषा के महत्व के बारे में जानकारी दी। शोभा यात्रा के बाद आयोजित गोष्ठी में प्रधानाचार्य डा. शैलेंद्र नारायण कोटियाल ने बताया कि 23 से 29 अगस्त तक मनाए जा रहे संस्कृत सप्ताह के तहत महाविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों व प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर महाविद्यालय के छात्रों की ओर से पाणनीय अष्टाध्यायी पाठ, गीता पाठ, एकल समूह गान आदि की प्रस्तुतियां भी दी गई। कार्यक्रम में पूर्व प्राध्यापक विनोद पंडित, पूर्व प्रधान खेड़ा उत्तम सिंह, सुरेश कोटियाल शास्त्री, उपेंद्र उनियाल, प्रकाश ध्यानी, शिवमूर्ति संपत कोटियाल, प्रमोद टोडरिया, डा. सुशील प्रसाद बडोनी, आचार्य अमित प्रकाश बंदोलिया, प्रीति कोटियाल आदि ने भी संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार व महत्व पर विचार रखे।