ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
हरबर्टपुर नगर पालिका की टीम ने हरबर्टपुर चौक से कुछ दूरी पर मुख्य बाजार में पॉलिथीन से भरे प्लास्टिक के दस बोरे बरामद किए हैं। बोरे किसके हैं इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। ईओ एलमदास ने पुलिस से मामले की जांच की मांग की है।
शुक्रवार को हरबर्टपुर नगर पालिका प्रशासन को सूचना मिली कि हरबर्टपुर चौक के पास मुख्य बाजार में बड़े पैमाने पर पॉलिथीन की खेप पहुंचने वाली है। जिसके बाद पालिका प्रशासन ने चौकी प्रभारी हरबर्टपुर रामनरेश शर्मा के नेतृत्व में दुकानों और क्षेत्र में बाहर से आने वाले वाहनों की जांच की। इस बीच कुछ दूरी पर मुख्य बाजार में सड़क किनारे प्लास्टिक के दस बोरे बरामद हुए। तलाशी लेने पर प्रत्येक बोरे से पॉलिथीन बरामद हुई। हर बोरे में 25-25 किलो पॉलीथिन भरी थी। पुलिस और नगर पालिका की टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो सभी ने इस संबंध में जानकारी होने से साफ इंकार कर दिया। जिस पर पालिका टीम बोरों को नगर पालिका कार्यालय ले आई। ईओ एलमदास ने बताया कि इस बात का पता लगाया जा रहा है कि पॉलीथिन किसकी है।