ग्रामीणों ने सड़क, नालियों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
श्यामपुर। बीस बीघा के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को बैठक कर लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़क व नाली निर्माण की गुणवत्ता में अनदेखी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी कर रहा है। ग्रामीणों ने चेताया कि जल्द कोई कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
बीस बीघा के ग्रामीणों ऋषिराम जोशी, गुरु प्रसाद रणाकोटी, रामप्रसाद उनियाल, सुखदेव सेमल्टी, रोहित गर्ग, सुनीता देवी, सरोजनी देवी, रिया रावत, सतीश चंद गर्ग, कुंदन सिंह राणा आदि ने बृहस्पतिवार को बैठक कर लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों के बाबत चर्चा की। ग्रामीणों का कहना था कि भूमिगत पाइप लाइन की गुणवत्ता खराब है और मसाला नहीं डाला गया है। इससे पाइप के जोड़ ठीक से नहीं लगे हैं। इसके अलावा नाली निर्माण में भी मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसके चलते निर्माण के दौरान ही नालियां क्षतिग्रस्त होने लगी हैं। वहीं सड़क पर जगह-जगह पत्थर व पानी जमा होने से नागरिक चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चेताया कि गुणवत्ता की अनदेखी की गई तो आंदोलन किया जाएगा।