‘किशोरावस्था में आने वाले बदलावों को सकारात्मक रूप से लें’
- पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में हुई किशोरावस्था व यौन स्वास्थ्य पर कार्याशाला
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ जौलीग्रांट के ग्राम्य विकास विभाग की ओर से पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में किशोरावस्था और यौन स्वास्थ्य पर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्याशाला का मंगलवार को समापन हो गया। शुगर मिल खत्ता रोड़ स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में पीयर एजुकेटर के लिए किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक बदलावों को लेकर छात्र छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया। समापन के मुख्य अतिथि राजन गोयल ने कहा कि किशोरावस्था में आने वाले बदलावों को सकारात्मक रूप से लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किशोर और किशोरियों के मार्गदर्शन में पीयर एजुकेटर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे आयोजनों से समाज में जागरुकता का सृजन होता है। विद्यालय प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशिक्षित विद्यार्थियों को प्राप्त ज्ञान को समाज के अल्प शिक्षित लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए। मास्टर ट्रेनर सुनील खंडूरी ने बताया कि कार्यशाला का मकसद ऐसे विद्यार्थियों को तैयार करना है जो समाज में व्याप्त कुरीतियों और अंधविश्वास के प्रति जन जागरूकता लाना है। अन्य शैक्षिक संस्थाओं में भी ऐसे आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। समापन के मौके पर शिक्षक बीडी ममंगाई, आलोक जोशी, अश्वनी गुप्ता, कंचन सिरोला, अंजलि रवि, विशाल, श्रेया,जतिन, ललित, दानिश आदि मौजूद रहे।