ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । पुलिस महकमे की ओर से लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया, जिसमें संगठन के सदस्यों को सम्मानित किया गया। नगर निगम के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित गोष्ठी का पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत व क्लब के अध्यक्ष अतुल जैन ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। सीओ वीरेंद्र सिंह रावत ने अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने गोष्ठी में मौजूद वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया।
क्लब अध्यक्ष अतुल जैन ने सीओ वीरेंद्र सिंह रावत द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किए जाने पर आभार जताया। इस मौके पर उन्होंने संयुक्त रूप से सभी वरिष्ठ नागरिकों को अंग वस्त्र व भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया। वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष डॉ. हरीश ढींगरा ने पुलिस क्षेत्राधिकारी व क्लब के सदस्यों का वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करने पर आभार जताया। इस अवसर पर धीरज मखीजा, हिमांशु अरोड़ा, अर्णव गुप्ता, सागर ग्रोवर, गुड्डू सिंह, डॉ. गगन शर्मा, मनोज बत्रा, धीरज अग्रवाल, सुशील छाबड़ा, पीडी अग्रवाल, नरेश कुमार, रमेशचंद जैन, बाबूराम अग्रवाल, कमल जैन, हरीश तोमर, सत्येंद्र कुमार शर्मा आदि मौजूद थे।