ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। बहुजन समाज पार्टी ने ऊर्जा निगम में विद्युत बिल के भुगतान में धांधली का आरोप लगाते हुए महकमे के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। सोमवार को चार धाम ट्रांजिट कंपाउंड स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में बसपा के ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के संयोजक लल्लन राजभर ने ऊर्जा निगम की उपभोक्ता विरोधी नीतियों पर महकमे के खिलाफ आंदोलन करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि निगम में बिजली के बिलों में जमा कराए जाने को लेकर बड़े पैमाने पर धांधली की जा रही है, जिसके कारण उपभोक्ताओं पर भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
बताया कि विभाग बिजली का बिल प्रत्येक माह जमा नहीं कराता है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को मिलने वाली बिजली के बिल में छूट का लाभ नहीं मिल पा रही है। उन्होंने बताया कि समय पर उपभोक्ताओं को बिल नहीं पहुंचाए जा रहे हैं। पार्टी के विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि निगम विद्युत उपभोक्ताओं को दो महीने में बिल वितरित कर टैक्स वसूली कर रहा है।
संगठन मासिक बिल सिस्टम के तहत भुगतान लेने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार से तीर्थनगरी में जन-जागरण अभियान के तहत घर-घर उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए पर्चे बांटे जाएंगे। बताया कि सितंबर माह के पहले सप्ताह से ऊर्जा निगम के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान शैलेंद्र गुप्ता, रामबदन साहनी, पारसनाथ, शुभम जाटव, हीरामल राजभर, हरीश मास्टर, पंकज आदि मौजूद रहे।