ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश । उत्तरकाशी में मासूम बालिका के साथ हुई घटना के विरोध उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से कैंडिल मार्च निकाला गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने अबोध बालिका की आत्म शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की और सरकार व जिला प्रशासन से मामले में दोषियों को सजा देने की मांग उठाई। सोमवार को दल के नगर अध्यक्ष सोहन भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ता दून रोड स्थित नटराज चौक पर एकत्रित हुए। उन्होंने यहां से त्रिवेणीघाट तक कैंडिल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने मासूम बालिका के हत्यारों को फांसी दो के नारे लगाते हुए राज्य सरकार से सूबे में मौजूद आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर लगाम कसने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने त्रिवेणीघाट में मां गंगा से मासूम की आत्म शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शांति तड़ियाल ने राज्य सरकार से बाहरी राज्यों के आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को उत्तराखंड में घुसने से रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में ऐसी शर्मनाक घटना से राज्य की कानून व्यवस्था की पोल खुल गई है। इस अवसर पर केडी जोशी, केएस राणा, जितार सिंह, सत्यप्रकाश, रोशन भट्ट, बीसी रावत, माधुरी कोटनाला, दमयंती नौटियाल, उमा नेगी, किरन असवाल, जमुना रावत, अनीता कुकशाल, पूनम जोशी, अमरा बिष्ट, सरस्वती मेहर, अनीता भारद्वाज, सुमित्रा बिष्ट आदि मौजूद थे।