ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । बाढ़ सुरक्षा के लिए सिंचाई महकमे द्वारा चंद्रभागा नदी के किए गए इंतजाम कब्जे की जद में आ गए हैं। सिंचाई महकमा इस ओर अब तक लापरवाह बना हुआ है। महकमे ने सरकारी तटबंध को कब्जा मुक्त कराना तो दूर कभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करना तक मुनासिब नहीं समझा। मुनिकीरेती के चौदहबीघा क्षेत्र को चंद्रभागा नदी में बरसात में आने वाली बाढ़ से बचाव के लिए सिंचाई विभाग की ओर से तटबंध बनाया गया है, जिसके दोनों ओर लोगों ने कब्जा कर घर बना लिए हैं।
सिंचाई विभाग की नाक के नीचे हुए इस अतिक्रमण पर महकमे के अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। बरसात के समय चंद्रभागा के उफान की सुरक्षा को तटबंध निर्माण किया गया है। पिछले एक दशक में तेजी से तटबंध के दोनों ओर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। साथ ही अपने घरों का चबूतरा तटबंध से सटाकर बना दिए हैं।
कोट्स
चंद्रभागा नदी के तटबंध के दोनों ओर अतिक्रमण हुआ है, इसके खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध रूप नदी के भीतर की ओर रह रहे लोगों का चिह्नीकरण किया जाएगा, ऐसे लोगों केे खिलाफ महकमा कानूनी कार्रवाई पर भी विचार कर रहा है।
- शरद श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग देहरादून।