गोपेश्वर। उत्तरकाशी में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गोपेश्वर में विभिन्न संगठनों ने जुलूस-प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने रविवार को देर शाम मशाल जुलूस भी निकाला।
सोमवार को एनएसयूआई और सोनिया ब्रिगेड से जुड़े कार्यकर्ता मुख्य बाजार में इकट्ठा हुए। एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन चतुरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में नारेबाजी की और सरकार का पुतला फूंका। इस मौके पर एनएसयूआई के अध्यक्ष संदीप नेगी, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संदीप भंडारी, सोनिया यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश रुधिया, जिलाध्यक्ष लोकेंद्र रावत, दुर्गा प्रसाद मैठाणी, पंकज बिष्ट, सुधीर बिष्ट, योगेंद्र बिष्ट, अनूप नेगी, प्रकाश सिंह आदि मौजूद थे। वहीं, चमोली बाजार में हुई विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की बैठक में उत्तरकाशी की घटना पर आक्रोश जताया गया। कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन भेजकर जिले में आ रहे बाहरी लोगों की जांच और सत्यापन की मांग उठाई। इस मौके पर विहिप के अध्यक्ष देवी प्रसाद देवली, गोरक्षा प्रमुख हरि प्रसाद, मंत्री राकेश चंद्र मैठाणी, बजरंग दल के विभाग संयोजक पवन सिंह राठौर और जितेंद्र कठैत आदि मौजूद थे।