फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्षेत्रपाल में दूसरे दिन भी सुचारु नहीं हो पाया बदरीनाथ हाईवे

विज्ञापन
विज्ञापन
गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे क्षेत्रपाल में दूसरे दिन भी नहीं खुल पाया। हाईवे बंद होने से तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को हाईवे खोलने में जुटी जेसीबी बोल्डर की चपेट में आने से ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया और जेसीबी क्षतिग्रस्त हो गई। ऑपरेटर को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहीं डीएम स्वाति एस भदौरिया ने मौके का निरीक्षण किया और हाईवे की स्थिति देख एनएचआईडीसीएल (नेशनल हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड) के अधिकारियों को फटकार लगाई है। डीएम ने हाईवे जल्द खोलने के लिए अधिकारियों को मशीन और मजदूूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

शनिवार रात करीब दो बजे भारी बारिश के दौरान क्षेत्रपाल में चट्टान से मलबा आने से हाईवे बंद हो गया था। रविवार सुबह जब यात्री वाहन यहां पहुंचे तो हाईवे बंद मिला और देखते ही देखते यहां दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। रविवार को देर शाम तक हाईवे न खुलता देख जिला प्रशासन ने चमोली बाजार में नगर पालिका और बीकेटीसी के गेस्ट हाउस में तीर्थयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की। सोमवार सुबह आठ बजे बारिश थमी तो हाईवे खोलने का काम शुरू हुआ। चट्टान से रह-रहकर मलबा और बोल्डर हाईवे पर आने से एनएच के मजदूर हाईवे खोल नहीं पाए। दोपहर एक बजे मलबा हटाते समय चट्टान से एक बोल्डर जेसीबी पर आ गिरा, जिसमें ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया और जेसीबी क्षतिग्रस्त हो गई। ऑपरेटर को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इससे हाईवे खोलने का काम करीब एक घंटे तक बाधित रहा और शाम तक भी नहीं खुल पाया। वहीं दोपहर को डीएम ने क्षेत्रपाल में हाईवे का निरीक्षण किया और जल्द हाईवे खोलने के निर्देश एनएचआईडीसीएल को दिए।

इंसेट
जगह-जगह रोके गए हैं 456 तीर्थयात्री
क्षेत्रपाल में हाईवे बंद होने के कारण पुलिस प्रशासन की ओर से जगह-जगह कुल 456 तीर्थयात्री रोके गए हैं। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर जाने वाले करीब 320 तीर्थयात्रियों को चमोली, कुहेड़, मैठाणा और नंदप्रयाग में जबकि वहीं बदरीनाथ की यात्रा कर लौट रहे 136 तीर्थयात्रियों को छिनका में रोका गया है। क्षेत्रपाल से 64 तीर्थयात्री चार किलोमीटर पैदल सफर करने के बाद हाईवे के दूसरे छोर चमोली बाजार पहुंचे और यहां से स्थानीय वाहनों से अपने गंतव्य को लौट गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें