ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। मिलिट्री इक्यूपमेंट परकिवार माजरी ग्रांट की ओर से आयोजित की जा रही श्री शिव महापुराण कथा सप्ताह के शुरू होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली। भारतीय सेना के महार रेजीमेंट के बैंड की विशेष धुनों पर कलश यात्रा ने क्षेत्र का भ्रमण किया। 251 महिलाओं ने कलश धारण कर यात्रा में प्रतिभाग किया। कलश यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक परिधानों, वाद्य यंत्रों और पारंपरिक गायन से दिखाई।
यात्रा कथा स्थल हरिद्वार रोड़ हाईवे स्थित श्री खेड़ा मंदिर माजरी ग्रांट पहुंचकर समाप्त हो गई। सेवानिवृत्त कर्नल सीएम नौटियाल, सेवानिवृत्त मेजर वाईबी थापा और राज्य सैनिक परिषद सदस्य विनोद पाल ने दीप प्रज्जवलित कर कथा सप्ताह का शुभारंभ किया। कथा सप्ताह के पहले दिन कथावाचक भगवती सौंदर्य जी महाराज ने कहा कि भगवान शिव को भक्ति के द्वारा प्रसन्न किया जा सकता है। प्रभु अपने भक्तों के कल्याण के लिए चिंतित रहते हैं।
कहा कि श्रावण मास में शिव कथा के श्रवण से प्राणी को मोक्ष की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम में आयोजक विनोद कुमार पाल, रंजना देवी, अभिषेक पाल, बीएस राणा, राजपाल पंवार, प्रदीप पाल, रमेश पंवार, शिव सिंह पंवार, सुनील पाल, ज्ञानानंद थपलियाल, चंद्रभान आदि तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे।