ब्यूरो/अमर उजाला/साहिया।
इन दिनों साहिया बाजार और आसपास के गांव में गुलदार का आतंक बना हुआ है। बीते चार दिन में गुलदार 12 बकरियों और एक बछड़े को अपना निवाला बना चुका है। पीड़ितों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग के साथ क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
बीते शुक्रवार की रात को गुलदार ने सकनी गांव निवासी कुंदन सिंह पंवार की गोशाला में घुस कर बछड़े को मार गिराया। शनिवार की सुबह जब वह गोशला पहुंचे तो वहां पर बछड़ा नहीं था। आसपास तलाश करने पर बछड़े का शव गोशाला से एक किमी दूर हईया के पास मिला। चार दिन पूर्व गुलदार ने ककाड़ी गांव निवासी मोहन सिंह बिष्ट की चार बकरियों को भी मार गिराया था। यही नहीं गुलदार बुहार खेड़ा निवासी मुन्ना दास की चार, हगाड़ू दास की तीन और परम की एक बकरी को भी मार गिरा चुका है। पशुपालकों का कहना है कि आए दिन गुलदार के हमलों से वह दहशत में है। उन्हें पशुधन की चिंता सता रही है। दिन ढलने के बाद लोगों ने घरों से बाहर निकलना तक बंद कर दिया है। उन्होंने वन विभाग से मुआवजे की भी गुहार लगाई है।
उधर, इस संबंध में डीएफओ दीपचंद आर्य ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। विभागीय नियमानुसार पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।